रेलवे रोड स्थित काठमंडी में एक शोरूम में रविवार की सुबह अचानक आग लग गई। जब तक कि लोग देख पाते आग ने अंदर ही अंदर विकराल रूप धारण कर लिया।
आग से शोरूम के अंदर रखे फर्नीचर, गद्दे सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मी चार गाड़ियों की मदद से शोरूम के दोनों तरफ से आग बुझाने में लगे रहे।
करीब एक-डेढ़ घंटे में पूरी तरह से काबू पाया गया। आग बिजली के शॉर्ट-सर्किट से लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रेलवे रोड से लेकर पीछे अनाजमंडी के साथ लगती चौड़ी गली तक काफी बड़े हिस्से में ये शोरूम बना है। रविवार को शोरूम बंद था और यहां कोई मौजूद नहीं था। करीबन दस बजे शोरूम से धुंआ उठना शुरू हुआ।
धीरे-धीरे धुएं के गुबार आसमान में दिखने लगे। अंदर ही अंदर आग की लपटें तेज होती गई। जिसके कारण काफी बड़े हिस्से को आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
नजदीक लगते अन्य दुकानदारों व मकानों में रहने वालों ने इसकी सूचना संचालक को दी। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। पड़ोसी दुकानदारों व मकान मालिकों ने अपनी-अपनी छतों से आग पर काबू पाने के लिए पानी भी डाला लेकिन लकड़ी आग बढ़ती चली गई।