-फोटो 61 : आसौदा मंंडी में रखे गेहूं से भरे बैग।
बहादुरगढ़। आसौदा खरीद केंद्र किसानों के लिए सुविधाजनक बना हुआ है। बहादुरगढ़ अनाज मंडी के किसान ज्यादातर आसौदा खरीद केंद्र का रुख कर रहे हैं। मंगलवार को बहादुरगढ़ अनाज मंडी में जहां पांच गेट पास कटे, वहीं आसौदा खरीद केंद्र में बहादुरगढ़ के मुकाबले 13 प्रतिशत अधिक यानी 66 गेट पास कटे हैं। किसानों का 5 हजार 623 क्विंटल गेहूं दोनों स्थानों पर खरीदा गया है। गेहूं की खरीद खाद्य आपूर्ति विभाग कर रहा है।
मंगलवार को बहादुरगढ़ अनाज मंडी में 338 क्विंटल गेहूं की आवक हुई। जबकि आसौदा खरीद केंद्र पर 4 हजार 958 क्विंटल गेहूं आया। जबकि कुछ गेहूं सोमवार को भी आया था। बचा हुआ गेहूं मंगलवार को भी खरीदा गया। कुल मिलाकर 501 क्विंटल बहादुरगढ़ में जबकि आसौदा खरीद केंद्र में 5 हजार 122 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक बहादुरगढ़ में 5 हजार क्विंटल से भी कम गेहूं खरीदा गया है। जबकि आसौदा खरीद केंद्र में 46 हजार 79 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। इसमें से बहादुरगढ़ मंडी से 3 हजार 796 क्विंटल का उठान हुआ है। जबकि 17 हजार 650 क्विंटल गेहूं आसौदा खरीद केंद्र से लिफ्ट किया गया है। उठान कार्य धीमा है। यदि मौसम इन दिनों खराब होता है तो गेहूं भीग सकता है। किसानों ने खरीद एजेंसी खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द मंडी व खरीद केंद्र से गेहूं का उठान करवाया जाए।