-फोटो 7 : घटना स्थल पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : Bahadurgarh
उपमंडल के छारा गांव में बेखौफ बदमाशों ने बाप-बेटी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रोहतक के पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता उपचाराधीन है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार छारा गांव निवासी ऋषि की बेटी ऊषा की शादी गुरुग्राम के बसई में हुई थी। बताया गया है कि पिछले 8-9 महीने से ऊषा मायके में ही रह रही थी। बुधवार की सुबह ऊषा अपने पिता के साथ छारा गांव से बाइक से बस अड्डे की तरफ जा रही थी। तभी कार सवार कुछ हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे पिता और बेटी को गोली लगी और दोनों जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौड़े तो हमलावर वहां से भाग निकले। दोनों को पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिता का पीजीआईएमएस रोहतक में इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि ऊषा का ससुराल वालों से कई दिनों से विवाद चल रहा था। उनका घर छारा गांव में गिरावड़ रोड पर खेत में है। उसके घर से कुछ ही दूरी पर वारदात को अंजाम दिया गया। जहां वारदात हुई वह सुनसान जगह थी। इसलिए कोई आरोपियों को नहीं देख पाया है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। आसौदा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आसौदा थाना प्रभारी फूल कुमार का कहना है कि फिलहाल परिवार ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।