झज्जर। गांव बाजीतपुर व बुपनिया में गर्मी के मौसम को देखते हुए शुक्रवार को जिला सलाहकार श्याम अहलावत के नेतृत्व में जल सरंक्षण जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मौके पर विभाग की टीम व जेई नवीन चौहान ने खाली प्लाटों, खाली व मेन लाइन में लगे 10 अवैध कनेक्शनों को काटा।
डबल्यूएसएसओ टीम ने जल संरक्षण, जल प्रबंधन के साथ-साथ अन्य मुद्दों पर जानकारी दी। बीआरसी मीनू वत्स ने बताया कि दैनिक कार्यों जैसे नहाने, गाड़ी धोने, कपड़े धोने में खुले नल या मोटर का प्रयोग करने की बजाय बाल्टी व कप का प्रयोग करना चाहिए जिससे पानी की बचत की जा सके।
उन्होंने अन्य घरेलू कार्यों में भी पेयजल का संयमित प्रयोग करने की ग्रामीणों को सलाह दी l इसके साथ ही पानी की शुद्धता एवम गुणवत्ता की जांच की जानकारी दी गई। इसके साथ-साथ पीने के पानी से संबंधित शिकायत के निवारण के लिए टोल फ्री नंबर-1800-180-5678 व व्हाट्सअप नंबर-9041741800 के बारे में जागरूक किया।
इस मौके पर गांव में पेयजल की बर्बादी का कारण बन रहे 58 अवैध पेयजल कनेक्शन धारकों को कनेक्शन वैध कराने और नलों पर टूटी लगाने के नोटिस जारी किए गए। इस अभियान के दौरान विभिन्न गांव में अब तक 2600 से ज्यादा अवैध पेयजल कनेक्शन धारकों व पेयजल की बर्बादी करने वाले लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके है।
इस दौरान डबल्यूएसएसओ टीम गांव में नुक्कड़ सभा, ग्रुप मीटिंग व घर-घर जाकर बढ़ती गर्मी में आम जन जल संरक्षण, खुले चल रहे नलों पर टूटी लगाने, पानी को व्यर्थ न बहाने के बारे में जागरूक कर रही है। गांव बुपनिया में जिला कंसल्टेंट श्याम अहलावत, बीआरसी मीनू वत्स, सरला, दिनेश, सुनील, आपरेटर सोमबीर, प्रदीप, सोनू मौजूद रहे।
बाजीतपुर में जेई नवीन चौहान, बीआरसी प्रमिला, पूजा, विक्रम पंप चालक प्रवीण, नवनीत व अनूप, कीमैन जयवीर प्रदीप उपस्थित रहे।