फोटो 81: नगर परिषद की जेसीबी वेस्ट जुआं ड्रेन से अतिक्रमण हटाते हुए। स्रोत नप
बहादुरगढ़। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद का अभियान लगातार जारी है। शनिवार को नगर परिषद के दस्ते ने पुलिस बल के साथ वेस्ट जुआं ड्रेन रोड पर दोबारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क किनारे और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया। टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान, अस्थायी ढांचे और अन्य अवैध निर्माण हटवाए।
नगर परिषद एमई जोगिंदर सिंधु ने बताया कि सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हो रहा था। अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर परिषद ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की है।