गांव बादली में बाईपास के नजदीक सड़क किनारे टूटी बिजली की तारें हादसों का कारण बन रही हैं। शुक्रवार को भी यहां एक ऐसा ही हादसा हुआ, जिसमें तीन गायों की मौत हो गई। बिजली निगम की लापरवाही के कारण हुई इस घटना से पशु पालकों और गोभक्तों में खासा रोष है। लोगों ने निगम से बिजली की तारें ठीक कराने की मांग की है।
शुक्रवार की सुबह राजस्थान मूल के कुछ लोग अपनी गायों को चराने के लिए बाईपास से खेतों की ओर जा रहे थे। सड़क किनारे बिजली के तार टूटे पड़े हुए थे। गायों के झुंड की कई गाएं इन बिजली की तारों की चपेट में आ गईं। करंट लगने के कारण इनमें से तीन गायों की मौत मौके पर ही हो गई। दो दिन पहले भी गांव पेलपा में राम भट्ठे के नजदीक टूटे तारों से एक कटिया की मौत हो गई थी और एक भैंस घायल हो गई थी। जिससे पशु पालक को आर्थिक हानि हुई थी। निगम की अनदेखी के कारण पशु पालकों और गोभक्तों में रोष देखने को मिल रहा है।
बादली निवासी कृष्ण का कहना है कि इन घटनाओं में अब तक पशु प्रभावित हुए हैं। यदि कोई इंसान चपेट में आ जाए तो कौन जिम्मेवार होगा। मगर जब किसी पशु के साथ ऐसी घटना होती है तो उसे अनदेखा किया जाता है। बिजली निगम को आगे से इस ओर ध्यान देना चाहिए। लोगों ने निगम कर्मियों को इस घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद फिलहाल निगम कर्मचारियों ने टूटे तारों को जोड़ दिया है।