11 किला रोड के सामने टूटी सड़क। संवाद
रोहतक। शहर की लाइफलाइन कही जाने वाले दिल्ली रोड पर ट्रैफिक समस्या परेशानी बनने लगी है। भिवानी स्टैंड इलाके में सड़कों पर बने गड्ढ़े इस समस्या को और बढ़ा रहे हैं। त्योहारी सीजन में ये गड्ढे जाम की मुख्य वजह बने हुए हैं। इस कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शहर के भिवानी स्टैंड के आसपास ही सड़क जर्जर है। यहां करीब पांच फीट चौड़ा गड्ढा बना हुआ है। इसके अलावा भी छोटे-छोटे पांच और गड्ढे हैं। इससे रोड़ियां उखड़कर दूर तक फैल गई हैं। इन गड्ढ़ों से होकर जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
त्योहारी सीजन में यह व्यस्त मार्ग और व्यस्त हो जाता है। इस जर्जर हाल सड़क पर वाहन चालकों को बार-बार ब्रेक लगाने पड़ते हैं। इससे ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आता है। यहां बेहद धीमी गति से भीड़ आगे बढ़ती है। इस कारण जाम के हालात बन जाते हैं। यहां दुकानों के अलावा आवासीय इलाका भी है। यहां रहने वाले लोगों को जाम के चलते आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।