झज्जर। जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी दिन में हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो रही है तो कभी तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को भी मौसम का यही मिजाज रहा। सुबह से हल्की धूप निकली हुई थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक मौसम बदला और कुछ मिनटों के लिए तेज बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कुछ देर बाद ही बारिश रुक गई और तेज धूप निकल आई। इसके बाद लोगों को दोबारा गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि जुलाई महीने की शुरुआत में मानसून की अच्छी शुरुआत के बाद अब इसकी सक्रियता में कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की रात को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और पंजाब पर चक्रवातीय परिसंचरण बनने से मानसून टर्फ के हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली की ओर बढ़ने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 28 से 30 जुलाई के दौरान हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मानसून की सक्रियता बढ़ सकती है। इस दौरान रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।