बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के धावकों ने रविवार को गुरुग्राम और दिल्ली के द्वारका में आयोजित विभिन्न रनिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। धावकों ने कई पदक जीतने के साथ दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर बहादुरगढ़ का नाम रोशन किया।
गुरुग्राम के सेक्टर-82ए में आयोजित फैमिली रन में गुलाब सिंह, सुमन, निकुंज और प्रकृति की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। दो सदस्यीय धावक टीम वर्ग में अभिमन्यु हुड्डा और प्राची की जोड़ी ने दूसरा, जबकि ब्रह्मप्रकाश मान और जीत की जोड़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फैमिली रन में बीआरजी की ओर से सुमित दलाल, सलोनी, अदिति, तेजस, हेमंत, अनंत सचान, अक्षत सिंह, अनुराग सिंह, सुनील कश्यप, आर्यन खत्री, प्रीति, तमन्ना, आशुतोष कुमार सिंह, उरिरेई देवी, कार्तिक दलाल, कुणाल काजला, प्रदीप कुंडू और संयम कुंडू ने भी हिस्सा लिया और दौड़ पूरी की।
वहीं, दिल्ली के द्वारका में आयोजित द्वारका 10 किलोमीटर रन 2.0—रन फॉर फिटनेस, रन फॉर नेशन में भी बीआरजी के धावकों ने दमदार प्रदर्शन किया। 10 किलोमीटर चैलेंज में कृष्णा राणा ने अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रीति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में बीआरजी संस्थापक दीपक छिल्लर को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। ग्रुप सदस्यों ने विजेता और प्रतिभागी धावकों को बधाई देते हुए कहा कि बीआरजी का उद्देश्य लोगों को दौड़ और फिटनेस के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।