बहादुरगढ़। जाखौदा गांव के नजदीक बीती रात एक ब्रेजा गाड़ी पर सवार होकर आए बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर दो पेट्रोल पंपों समेत चार स्थानों से 1 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। घटनाओं को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसौदा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी फुटेज के आधार पर पहचान के प्रयास कर रही है। पहचान छिपाने के मकसद से बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों पर फायर भी किए।
सोमवार की देर रात को ब्रेजा कार में सवार होकर चार बदमाश जाखौदा में रोहतक-दिल्ली रोड पर स्थित विशाल फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। यहां पहुंचते ही बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर सेल्समैन राकेश से 90 हजार रुपये लूट लिए। इसके अलावा नजदीक मौजूद चाय की दुकान के संचालक रोहताश से 10 हजार रुपये, पंप पर ही तेल डलवाने के लिए आए एक ट्रक चालक से 5 हजार रुपये और कुछ ही दूरी पर स्थित अशोक पेट्रोल पंप से 35 हजार रुपये पिस्तौल दिखा लूट लिए। पहचान छिपाने के मकसद से बदमाशों ने उक्त पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी कैमरों पर फायर भी किए। इसके बाद वे यहां से डीवीआर ही निकालकर ले गए। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। इलाके में घेराबंदी की गई, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका।
सप्ताह में हुई सात से अधिक वारदात
पिछले एक सप्ताह में क्षेत्र में अलग-अलग लूटपाट की सात वारदात हुई हैं। इनमें दो वारदात को छोड़कर आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। शहर के मेन बाजार में स्थित बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने एसए ज्वेलर्स पर पिस्तौल दिखाकर लूटपाट का प्रयास किया था। इस घटना में दो बदमाशों को दुकानदारों ने पकड़ लिया था। थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार को छीना झपटी की दो वारदात हुईं थी। इनमें गांव लडरावण के पास स्क्रैप व्यापारी दिल्ली के आंबेडकर नगर निवासी रामभगत से नकाबपोश बदमाशों ने स्विफ्ट डिजायर गाड़ी छीन ली थी। इस वारदात को बीते कुछ ही घंटे हुए थे कि थाना सदर के अंतर्गत गांव सिद्दीपुर लोवा तालाब के नजदीक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने आभूषण कारोबारी के सेल्समैन धवल श्रीवास्तव से 500 ग्राम सोना लूट लिया था। सौलधा गांव में एक पेट्रोल पंप पर भी दो बदमाशों ने 29 हजार रुपये की लूट की थी। मेन बाजार व सौलधा पेट्रोल पंप की घटना का खुलासा हो गया था। बीती रात हुई लूटपाट की घटनाओं में पुलिस की जांच जारी है।
बदमाशों का लगाया जा रहा पता
लूटपाट की उक्त घटनाओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जिस ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर बदमाश आए थे, उसका पता लगाया जा रहा है। साथ में उनकी पहचान के प्रयास भी जारी हैं। आसपास के क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-जोगेंद्र सिंह, जांच अधिकारी आसौदा थाना