हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व प्रशासन के लाख प्रयासों के बाद भी नकल पर नकेल नहीं लग पा रही है। हर रोज परीक्षा केंद्रों से प्रश्न पत्र व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे हैं। जिला मैजिस्ट्रेट की तरफ से लगाई गई धारा 144 की भी जमकर धज्जियां उड़ रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप जारी है। मंगलवार को सीएम फ्लाइंल ने शहर के परीक्षा केंद्रों के बाहर व्हाट्सएप पर प्रश्न पत्र देखकर नकल बना रहे युवकों को भी काबू किया। मातनहेल पुलिस की टीम ने तीन युवकों को काबू कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि सीएम फ्लाइंग ने भी एक युवक को पकड़ कर शहर पुलिस को सौंपा है। सीएम फ्लाइंग ने व्हाट्सएप पर वायरल हुए पेपर का जब परीक्षा केंद्र में जाकर मिलान किया तो वह सही पाया गया। मंगलवार को 10वीं की गणित की परीक्षा थी। सही समय पर परीक्षा भी शुरू हो गई थी, लेकिन उसके थोड़ी ही देर बाद सोशल मीडिया पर 10वीं की गणित का पेपर वायरल हो गया।
तीन के खिलाफ मामला दर्ज
पेपर आउट होने की सूचना मिलते ही सीएम फ्लाइंग हरकत में आई और इसकी तहकीकात शुरू की गई। पुलिस की एक टीम ने परीक्षा केन्द्र के साथ लगते टाउन पार्क से एक युवक को काबू में लिया। युवक के मोबाइल फोन में 10वीं की परीक्षा का पेपर था। पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। वहीं 10वीं व 12वीं कक्षा के पेपर देने वाले बच्चों के पेपर व्हाट्सएप पर डालने के मामले में तीन आरोपियों को काबू किया गया है। मातनहेल पुलिस चौकी की टीम ने झांसवा निवासी अक्षय कुमार तथा सुरेश तथा भूपेश निवासी कोसली, जिला रेवाड़ी को काबू किया है। पकड़े गए उपरोक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना साल्हावास के अंतर्गत पुलिस चौकी मातनहेल की टीम द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीनों को अदालत में पेश किया गया।
सात नकलची पकड़े
जिले में बोर्ड की तरफ दसवीं कक्षा के लिए 60 परीक्षा केंद्र बनाए हुए हैं। इन परीक्षा केंद्रों का विभिन्न उड़नदस्तों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी, डीईओ व बोर्ड चेयरमैन के उड़नदस्ते ने एक-एक व एसडीएम बेरी के उड़नदस्ते ने चार नकलची पकड़ हैं। सातों के यूएमसी बना दिए गए हैं।
जिले में चार उड़नदस्तों ने सात नकलची पकड़े हैं। बोर्ड व प्रशासन की तरफ से नकल रोकने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
- सुनीता रूहिल, डीईओ, झज्जर।