बेरी/झज्जर। जन आस्था के केंद्र मां भीमेश्वरी देवी मंदिर बेरी में नवरात्र के मुख्य मेले का शुभारंभ हो चुका है। मां भीमेश्वरी देवी के दर्शन व पूजा अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का बेरी पहुंचना भी शुरू हो गया है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। बेरी को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। कस्बे में जाने वाले हर रास्ते पर नाके लगाए गए हैं। मेले में हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी अपनी टीमों के साथ मौजूद रहेगें। मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से अंदर व बाहर वाले मंदिर में आने-जाने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है।
सात स्थानों पर बनाई पार्किंग
डीएसपी बेरी नरेश कुमार ने बताया कि नवरात्र मेला के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को खड़ा करने के लिए बेरी क्षेत्र में सात अलग अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। झज्जर, कलानौर, जहाजगढ़, दुबलधन तथा रिटोली कबूलपुर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भागलपुरी चौक के नजदीक खेल स्टेडियम व स्टेडियम के पास खाली ग्राउंड में पार्किंग बनाई गई है। गांव डीघल व गोच्छी की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए बेरी में गोच्छी रोड पर बने हर्बल पार्क के पास खाली जमीन पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गांव दुजाना की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए बेरी दुजाना रोड़ पर गैस एजेंसी के पास खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वाहनों का रूट डायवर्ट
यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा बेरी की तरफ आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। मार्ग परिवर्तन के लिए जगह-जगह विशेष नाकाबंदी करके पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। रूट डायवर्ट के लिए दुजाना चौक बेरी से दुजाना बेरी रोड पर नाकाबंदी की गई है। इसके अतिरिक्त डीघल बाईपास धांधलान रोड फ्लाईओवर के नीचे डीघल, जहाजगढ़ चौक गांव जहाजगढ़ नाका, छुछकवास चौक गांव छुछकवास, झज्जर बाईपास बेरी रोड शहर झज्जर पर नाकाबंदी करके भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन किया गया है।
सीसीटीवी व ड्रोन से रखी जाएगी नजर
मेला में प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के लिए चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन भी लगाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिस बल की टुकड़ी को आवश्यक साजोसामान सहित बेरी में रिजर्व रखा गया है। इसके अतिरिक्त एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व क्रेन को भी बेरी में रिजर्व रखा गया है। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मचारियों की सुविधा के लिए बेरी में ही अस्थाई पुलिस लाइन बनाई गई है।
अलग-अलग सेक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र
पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम के आदेशानुसार सुरक्षा के मद्देनजर बेरी मेला क्षेत्र को अलग अलग सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में अलग अलग सुरक्षा प्रबंधों के तहत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उप पुलिस अधीक्षक बेरी नरेश कुमार को पूरे मेला क्षेत्र का सुरक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी सहायता के लिए डीएसपी मुख्यालय झज्जर रविंद्र कुंडू, डीएसपी सिटी झज्जर राहुल देव, डीएसपी झज्जर गुलाब सिंह व डीएसपी बहादुरगढ़ पवन कुमार को नियुक्त किया गया है।