हरिद्वार में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण शिविर से लौट रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की कार सोमवार शाम करीब चार बजे शामली के पास हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
हादसे में मृतक की पहचान बहादुरगढ़ के सेक्टर 6 निवासी डॉ. ओमवीर राठी के रूप में हुई है, जो नागरिक अस्पताल से सेवानिवृत्त नेत्र रोग विशेषज्ञ थे। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और परिचितों में गहरा दुख है। वहीं, हादसे में घायल ऋषि भारद्वाज को गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। कार्यकर्ताओं के अनुसार उनके पांव समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज शामली के अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।