झज्जर। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने देवरखाना गांव में केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते दिया। उन्होंने कहा कि 10 साल बाद भी हमारी सरकार द्वारा मंजूर और बनवाई गई परियोजनाओं का ही भाजपा सरकार फीता काट रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में देवरखाना गांव में 63.88 करोड़ रुपये की लागत वाले केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान को यूपीए सरकार से मंजूरी दिलाई थी। वर्ष 2009-10 में जमीन अधिगृहीत कराकर काम शुरू करा दिया था। वर्ष 2014 तक इसका 70 प्रतिशत काम भी पूरा करा दिया था, लेकिन पिछले करीब 5 साल से बिल्डिंग उद्घाटन के लिए तरस रही थी। हुड्डा ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया कि ‘देर आए दुरुस्त आए’ की कहावत के मुताबिक देर से ही सही 5 साल खाली पड़े रहने के बाद कम से कम पीएम ने इसका उद्घाटन तो किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यदि प्रधानमंत्री से उद्घाटन कराना था तो पहले क्यों नहीं कराया, बेवजह देरी क्यों की।