बहादुरगढ़। नयागांव स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की अधिक चोटें आने के कारण मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब युवक बाइक लेकर जा रहा था। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। थाना सदर पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर केस दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में संजय निवासी सौलधा ने बताया कि उनके पास दो बच्चे हैं। जिनमें एक बेटा हरिओम व एक बेटी है। बेटा हरिओम भारतीय डाक विभाग में दिल्ली में कांट्रेक्ट बेस पर नौकरी करता था। सोमवार को जब वह ड्यूटी पर जा रहा था तो नया गांव स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास एक सफेद रंग की कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रोहतक के पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी।
-