बेरी। थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले लकड़िया-शेरिया लिंक मार्ग पर बाइक संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार युवक ड्रेन में जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान गांव बिरोहड़ निवासी पंकज के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार गांव बिरोहड़ निवासी पंकज अपनी बुआ के घर शेरिया में आया हुआ था। रविवार शाम को अपने बुआ के लड़के की रोटी देने के लिए लकड़ियसा के पास गया हुआ था। जब वह रोटी देकर लौट रहा था तो लकड़िया-शेरिया लिंक मार्ग पर ड्रेन के पास अचानक बाइक संतुलन बिगड़ गया। बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद पंकज ड्रेन में जा गिरा। जब रात को पंकज घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश की। बाइक ड्रेन के पास मिली और पंकज का शव ड्रेन में पड़ा हुआ था।
ड्रेन में शव होने की सूचना बेरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। बताया जा रहा है कि मृतक पंकज राजस्थान की निजी कंपनी में काम करता था। वह अविवाहित था। मृतक की दो छोटी बहनें है और परिवार का इकलौता कमाने वाला था। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक का संतुलन बिगड़ने से लकडिय़ा-शेरिया लिंक मार्ग पर ड्रेन में बाइक सवार के गिरने की सूचना मिली थी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मामले में इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।