बेरी (झज्जर)। कलानौर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार युवक को रोहतक के निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना बेरी शहर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद बेरी शहर पुलिस रोहतक के निजी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई एमएस रोहतक भिजवाया गया। मृतक बाइक सवार युवक की पहचान गांव ढऱाणा निवासी दीपक (24) पुत्र राजकुमार के रूप में हुई। पुलिस को दी शिकायत में गांव ढऱाणा निवासी राजकुमार ने बताया कि मेरा लड़का दीपक दादरी तोए में निजी कंपनी में काम करता था और हर रोज की तरफ सोमवार रात को करीब सवा 11 बजे ड्यूटी करके बाइक पर घर जा रहा था। जब वह कलानौर मार्ग पर पहलवान होटल के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौत हो गई। बेरी पुलिस के जांच अधिकारी जयपान सिंह ने बताया कि रोहतक पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई।