बहादुरगढ़। गांव इस्माइलपुर के पास गाड़ी की टक्कर लगने एक बाइक सवार की मौत हो गई। बादली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार की सुबह बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान फूलपुरा के रघुवीर के रूप में हुई है।
शिकायकर्ता गांव फूलपुरा निवासी जितेंद्र ने बताया कि उसका बड़ा भाई रघुवीर बच्चों व पत्नी के साथ गांव बाढ़सा में किराए के मकान में रहता था। गत 27 मार्च को रघुवीर काम की तलाश में अपनी मोटर साइकिल से फरुखनगर जाने की बात कह कर गया था। लेकिन शाम तक जब घर नहीं लौटा तो वह अपनी पत्नी रेखा के साथ अपनी मोटर साइकिल से अपने भाई रघुवीर की तलाश में निकल पड़े। जब शाम को इस्माइलपुर-फरुखनगर रोड पर पहुंचे तो उसका भाई रघुवीर व गांव बाढ़सा में ही किराए पर रहने वाला पंकज आते हुए दिखाई दिए। उसका भाई रघुवीर मोटर साइकिल चला रहा था। पंकज पीछे वाली सीट पर बैठा था। तभी उसने अपनी मोटर साइकिल मोड़ी और अपने भाई रघुवीर के पीछे पीछे मोटर साइकिल पर चलने लगा। जब वे इस्माइलपुर गांव के पास पहुंचे तो एक गाड़ी चालक ने रघुवीर की मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल रघुवीर को अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।