अब इन गांवों में बिजली निगम अप्रैल माह से 24 घंटे बिजली सप्लाई देगा। इसके चलते लोगों को गर्मी के मौसम में यह राहत देने वाली खबर है। निगम के द्वारा चयनित इन गांवों में बिजली के मीटर बाहर लगाने के साथ-साथ बिजली की खुली तारों को भी एक केबल में बदलने का काम किया गया है। अब इन सभी गावों में 24 घंटे बिजली सप्लाई जारी रहेगी। जगमग गांव योजना के तहत वर्ष 2015 में फेज वन में दरियापुर फीडर के पांच गांवों का काम अभी विभागीय कारणों के अनुसार रूका हुआ है। वर्ष 2016 में शुरू किए गए फेज टू में चयनित किए गए गांवों का काम लगभग पूरा हो चुका है।
इन फीडरों पर मिलेगी 24 घंटे बिजली
तलाव फीडर से 2 गांव
डावला फीडर से 4 गांव
माछरोली फीडर से 4 गांव
गांवों और शहर में बढ़ाया जाएगा बिजली शेड्यूल
निगम की मानें तो गर्मी के मौसम के चलते अप्रैल माह में शहर और गांव दोनों में ही बिजली की सप्लाई में किसी भी प्रकार की कमी ना आने देने की कोशिश की जाएगी। निगम से मिली जानकारी के अनुसार जो गांव जगमग गांव योजना के अंतर्गत नहीं आते उन गांवों में भी 12 घंटे वाले शेड्यूल को बदलकर 15 घंटे करने की तैयारी की जा रही है और शहर में 24 घंटे सप्लाई देने की मुहिम जारी है।
इन मीटरों को बदलने पर कोई खर्च नहीं लेगा निगम
निगम की योजना के तहत बिजली सप्लाई को सुचारू रूप देने के लिए कुछ मीटरों की अदला-बदली की जा रही है। इसमें निगम द्वारा कोई पैसा नहीं वसूला जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार पुराने समय में लगाए गए करीब 10 तरह के मीटरों को बदलने के लिए सरकार द्वारा आदेश दिए गए हैं जिनमें से कुछ पुराने काले मीटर हैं और कुछों को चाइनीज भी बोल सकते हैं। लेकिन इन मीटरों को बदलने पर विभाग द्वारा कोई खर्चा नहीं लिया जाएगा। इसकी सारी व्यवस्था फ्री रहेगी।
लोहे के पोल व लटकते बिजली तारों के कारण आ रही समस्या
बिजली सप्लाई के अलावा भी कुछ खामियों के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिस प्रकार से कुछ गांवों में अभी तक बिजली सप्लाई के लिए लोहे के पोल नहीं हटाए गए हैं जिनमें बारिश के मौसम में अक्सर करंट आने का भय बना रहता है और कई बार तो पशु इसकी चपेट में आ चुके हैं। लेकिन निगम लापरवाही के साथ मौन बना बैठा हुआ है। गलियों में लटकते नंगे तारों का भी निगम को कोई ध्यान नहीं है।
घरेलू पर 2372 व कमर्शियल कनेक्शन पर खर्च होंगे 3372 रुपये
निगम के जेई उमेद भरद्वाज ने बताया कि अगर कोई भी बिजली उपभोक्ता नया एक किलोवाट का बिजली कनेक्शन लेता है तो उसके लिए उसे बिजली मीटर का कुल मिलाकर 2372 रुपये खर्चा देना होगा। इसके अतिरिक्त उससे कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। इसमें 1372 रुपये मीटर व बॉक्स का व 750 रुपये एसीडी का व 250 रुपये का खर्च अन्य सर्विस चार्ज के रूप में देय होगा, जोकि कुल मिलाकर उपभोक्ता को 2372 रुपये का चार्ज देना होगा। मकान के लिए दो किलोवाट के कनेक्शन के लिए 3372 रुपये व दुकान के एक किलोवाट के कनेक्शन के लिए भी 3372 रुपये चार्ज देना होगा।
वर्जन
गर्मी के मौसम में आमजन को बिजली की किसी भी प्रकार की किल्लत से बचाने के लिए तैयारियां जारी हैं। अप्रैल माह में गांव व शहर के बिजली शेड्यूल में भी बढ़ोतरी की जाएगी। लेकिन कितनी बढ़ोतरी की जाएगी इसके लिए अभी आलाधिकारियों की ओर से कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। जगमग फीडर के गांवों को 24 घंटे बिजली देने की पूरी तैयारी कर ली गई हैं।
-धर्मबीर छिक्कारा, एक्सईन बिजली निगम झज्जर।