बिजली बिल न भरने से धर्मनगरी में स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन तो पहले ही कट चुका था। वीरवार को बिजली निगम की टीम नगरपालिका कार्यालय का कनेक्शन काटने पहुंची तो अधिकारियों और कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।
निगम अधिकारियों ने अगले सप्ताह तक बिल को जमा कराने का आश्वासन देकर निगम की टीम को बिना कार्रवाई के भेजा। बेरी में नगर पालिका का स्ट्रीट लाइटों और कार्यालय का बिल लगभग 90 लाख रुपये बकाया है और पालिका को कई बार निगम के अधिकारी नोटिस भी थमा चुके हैं।
उसके बावजूद भी पालिका के अधिकारी बिल नही भर रहे है। बिल न भरने से पिछले सप्ताह ही कस्बे में लगी हाई मास्क और स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन तो काट दिया गया था और उस समय भी पालिका के अधिकारियों ने निगम के अधिकारियों से कुछ दिन का समय मांगा था और समय खत्म हो जाने के बाद निगम की टीम पालिका कार्यालय में कनेक्शन काटने के लिए पहुंची तो पालिका के अधिकारी बोले, अगले सप्ताह हर हाल में बिल भर दिया जाएगा। बता दें कि अगर पालिका के कार्यालय का निगम ने बिजली कनेक्शन काट दिया तो कार्यालय के कंप्यूटर से होने वाला काम-काज भी ठप्प हो जाएगा।
मई माह में हो चुकी है कार्रवाई
विदित रहे कि मई माह में बिजली निगम ने पालिका के कार्यालय का कनेक्शन काट दिया था। उस वक्त पालिका का बिल लगभग 70 लाख रुपये था, जिसमें कार्यालय का बिल लगभग साढ़े आठ लाख रुपये था।
कुछ दिन बाद पालिका ने 5 लाख रुपये निगम को अदा कर दिए और निगम ने कार्यालय का कनेक्शन तो जोड़ दिया था और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ठप्प पड़ी हुई थी। अब अक्तूबर माह में पालिका ने नवरात्रों में लाइटों का कनेक्शन जोड़ने के लिए फाइलें जमा करवाई थीं, निगम ने नवरात्रों में स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन जोड़ दिया था।
मई में भरा था आखिरी बिल
नगर पालिका ने आखिरी बिल वर्ष 2015 में बिजली निगम को 5 लाख रुपये जमा कराए थे। मगर उस समय स्ट्रीट लाइटों का बिल लगभग 60 लाख और कार्यालय का लगभग साढ़े आठ लाख रुपये बिल था।
सारा बिल लगभग 70 लाख रुपये था। उसके बाद बिजली का बिल भरा ही नहीं गया। नतीजा यह रहा कि बिल की राशि लगभग 70 लाख रुपये हो गई और अब बिल की राशि बढ़ते-बढ़ते 90 लाख के लगभग पहुंच गई है।
बिजली निगम के एसडीओ सचिन दहिया से बात की गई तो उनका कहना है कि निगम की टीम ने पिछले सप्ताह में तो कस्बे में लगी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों का कनेक्शन काट दिया गया था और अब निगम की टीम कार्यालय का कनेक्शन काटने के लिए गई तो अधिकारियों ने अगले सप्ताह तक समय मांगा और हर हाल में बिल अदा करने की बात कही। अन्यथा कनेक्शन काट दिया जाएगा।
नगर पालिका के एमई मनदीप धनखड़ से बात की गई तो उनका कहना है कि निगम की टीम कनेक्शन काटने के लिए आई थी और निगम के अधिकारियों से अगले सप्ताह तक समय मांगा गया है और डायरेक्टर को डिमांड भेज दी गई है अगले सप्ताह तक कार्यालय का बिल भरवा दिया जाएगा।