गुरुग्राम। हरियाणा में ढांचागत तंत्र को विस्तार देने के लिए केएमपी के साथ ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के सेक्शन ए के निर्माण कार्य को लेकर होने वाला भूमि पूजन कार्यक्रम फिलहाल रद्द हो गया है। केएमपी पर पटौदी रोड टोल प्लाजा के पास तीन नवंबर को भूमि पूजन कार्यक्रम पूर्व में तय कर दिया गया था। केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी कुमार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा इस कार्यक्रम में शिरकत की जानी थी। ऐसे में प्रशासन भी इसकी तैयारियों में जोर-शोर से जुटा था। बताया जा रहा है कि रेलमंत्री के समय न देने के कारण फिलहाल इस कार्यक्रम को स्थगित किया गया है। भूमि पूजन की नई तारीख जल्द ही घोषित किए जाने की बात अधिकारी कर रहे हैं।
इस सप्ताह के पहले ही दिन से प्रशासनिक अधिकारी भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए थे। बीते मंगलवार को ही उपायुक्त ने हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन व जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की थी। तीन नवंबर को आयोजित होने से पहले ही बुधवार देर शाम इस कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
क्या है हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर
यह गुरुग्राम जिले से होकर गुजरने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर राजीव रंजन के अनुसार इस सेक्शन में धुलावट से झज्जर जिले के बाढ़सा तक 29.5 किलोमीटर लंबी इलेक्ट्रिफाइड दोहरी लाइन बनेगी। इस सेक्शन में पांच स्टेशन धुलावट, चांदला डूंगरवास, पचगांव, मानेसर और न्यू पातली का प्रावधान है।