झज्जर। शहर के बहादुरगढ़ रोड स्थित श्री प्राचीन रामलीला कमेटी की तरफ से शुक्रवार को भरत मिलाप की सवारी निकाली गई। रामलीला कमेटी के मैदान से भरत मिलाप की सवारी दिल्ली गेट से बाजार होते हुए आंबेडकर चौक से वापस ग्राउंड पहुंची। सवारी का जगह-जगह पर स्वागत किया गया। यात्रा देखने के लिए लोगों में काफ़ी उत्साह था।
शहर के भगत सिंह चौक स्थित श्री विकास रामलीला क्लब व पुराना बस अड्डा स्थित लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से शुक्रवार को आखिरी दिन पहले लंका मंचन में विभीषण का राज तिलक किया गया। फिर राम, सीता और लक्ष्मण के साथ सुग्रीव, हनुमान, अंगद व अन्य सेना अयोध्या में चले गए। अयोध्या जाने के बाद राम व भरत का मिलाप हुआ। 14 वर्षों के वनवास के बाद राम, सीता और लक्ष्मण अयोध्या वापस आए थे। अयोध्या में राजगद्दी पर राम का राज्याभिषेक किया गया। वहीं, रामलीला देखने के लिए पहुंचे लोगों को प्रसाद भी वितरित किया गया। रामलीला देखने सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे।
कमेटी के प्रधान अंकुश दूहन ने बताया कि शनिवार को श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा। इसके लिए सुबह 11 बजे बाबा प्रसाद गिरी मंदिर में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें सभी का सहयोग रहा। संवाद