दिल्ली के कबाड़ व्यवसायी की गोली मारकर हत्या के मामले में अभी पुलिस के हाथ खाली हैं। गुत्थी को सुलझाने के लिए 3 टीमें जांच में लगी हैं, मगर इसके बावजूद हत्यारोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिल्ली के झाड़ोदा क्षेत्र का निवासी नरेश रविवार की रात घर से लापता हो गया था और मंगलवार की सुबह बहादुरगढ़ के नयागांव क्षेत्र में उसका शव बरामद हुआ। उसका शरीर गोलियों से छलनी था। एक-दो नहीं बल्कि 9-10 गोलियां मारी गई थी। घटनास्थल के हालातों को देखते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानों यहीं वारदात को अंजाम दिया गया हो। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। स्थानीय पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस से भी मदद ले रही है। रुपये के लेनदेन, रंजिश या फिर कई अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। घर से निकलते वक्त नरेश के मोबाइल पर किसका फोन आया और उसके साथ कौन-कौन थे, इस बारे में पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच अधिकारी पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि नरेश के मकान व उसकी दुकान के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जहां से वह लापता हुआ और जहां उसका शव मिला है, उसके आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली जारी है। तीन टीमें आरोपियों को ढूंढ रही है।