झज्जर। रईया गांव में आबादी देह (लाल डोरे के भीतर की जमीन) भूमि की गलत तरीके से रजिस्ट्री होने पर शिकायत के बाद वीरवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रामफल गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने उनके सामने पूरा मामला रखा। रामफल ने आबादी देह की रजिस्ट्रियों को रुकवा दिया है।
रईया गांव के लोगों ने मंगलवार को आबादी देह की भूमि की रजिस्ट्री गलत तरीके से किए जाने की शिकायत लेकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने ग्राम सचिव, पटवारी व सरपंच के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 लोगों के नाम आबादी देह की भूमि की रजिस्ट्री की गई है।
उन पर तहसीलदार द्वारा हस्ताक्षर कर दिए गए थे। लेकिन मामला तहसील कार्यालय में ही होने के कारण उन रजिस्ट्रियों को रोक दिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि रकबा नंबर 105, 106, 107, 108 व 109 फर्द जमाबंदी से पहले मलकाना आबादी देह में दिखाया गया है। जिसकी रजिस्ट्री सचिव, पटवारी व सरपंच ने मिलकर ड्रोन मेकिंग के तहत करीब 15 लोगों के नाम रजिस्ट्री करवा दी है। जबकि कुछ लोगों की अन्य रजिस्ट्रियां भी गलत की गई हैं। ग्रामीण भूपेंद्र ने कहा कि अधिकारियों के सामने पूरा मामला रखने के बाद गलती स्वीकार की है।
अधिकारी का कहना
गांव में जाकर मामले की पूरी जानकारी ली गई है। फिलहाल आबादी देह की हुई रजिस्ट्री रोक दी है। बाकी रजिस्ट्री करने का कार्य जारी है। -रामफल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, झज्जर।