बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े उद्यमियों की चौधर का फैसला मंगलवार को होगा। इसके लिए वोटिंग सुबह दस बजे से लेकर तीन बजे तक होगी।
कार्यकारिणी चुनाव में किस्मत आजमा रहे उद्यमियों को अंदर ही अंदर भितरघात का डर भी सता रहा है, लेकिन रामकिशन सिंहल व अशोक रेढू गुट के पैनल से जुड़े प्रत्याशी उद्यमी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
चुनाव से एक दिन पहले तक उनकी दिल की धड़कनें बढ़ गई हैं। बता दें कि इन चुनावों के लिए झज्जर जिला एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर एसपीएस चौहान को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उनकी देखरेख में सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। उनके वोटर कार्ड जारी करने से लेकर सुरक्षा इंतजाम तक के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रतिष्ठा का सवाल बने सिंहल व रेढू पैनल से उद्यमी जीत के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।
रामकिशन सिंहल पैनल से वह स्वयं प्रधान पद के दावेदार हैं तो दूसरे से संस्था के पूर्व प्रधान अशोक रेढू की हार के बाद अब अजय गुप्ता प्रधान पद की दावेदारी में हैं। ऐसे में अब अब सिंहल का सितारा चमकता है या फिर नाम के अनुरूप अजय अपना परचम लहरा पाते हैं यह तो आने वाला दिन ही बताएगा।
मगर दोनों ही ग्रुपों से चुनाव लड़ रहे अन्य उद्यमियों की नींद उड़ी हुई है। सोमवार को फिर से दोनों पैनलों की तरफ से चुनाव को लेकर बैठकों का दौर चलता रहा। वे अपने-अपने समर्थकों को एकता का पाठ पढ़ाते रहे।
प्रधान का चुनाव आज ही
30 जून को वोटिंग निर्धारित समयानुसार तक होगी। इसके तुरंत बाद गिनती कर चुनाव परिणाम का ऐलान कर दिया जाएगा। फिर चुने हुए कार्यकारिणी सदस्य संस्था के प्रधान, वरिष्ठ उपप्रधान, उपप्रधान, महासचिव, सचिव और केशियर का चुनाव करेंगे। इसका निर्णय सर्वसम्मति से हो या फिर वोटिंग से, यह तो समय ही बताएगा।
दोनों पैनलों में कांटे की टक्कर
बीसीसीआई की चौधर के ताज के लिए दोनों गुटों में कांटे की टक्कर का अनुमान है। चुनाव के लिए जारी बैलेट में पहले 19 नाम अशोक रेढू ग्रुप के हैं जिनका चुनाव चिन्ह कार है।
इसके बाद 20 से 38 नंबर तक रामकिशन सिंहल ग्रुप के उद्यमियों का नाम है और इनका चुनाव चिन्ह हवाईजहाज है। बैलेट में अजय गुप्ता का नाम एक नंबर पर और रामकिशन सिंहल का 29 नंबर पर है।