पंजाब नेशनल बैंक में हुए चोरी के प्रयास की वारदात से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। पुलिस ने गश्त के दौरान अवैध हथियार के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ 18 दिसंबर को बैंक में घुसकर रुपये चुराने का प्रयास किया था। पुलिस ने वीरवार को उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर हिसार स्थित सुधार गृह में भेज दिया। उसके साथी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसआईटी में तैनात एएसआई अनिल कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम झज्जर के शहरी इलाके में गश्त पर थी। पुलिस टीम जब तहसील रोड कोसली मोड़ के पास गश्त पर पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस को उस पर शक हुआ तो पीछा कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की मौका पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई। इस बीच पता चला कि युवक नाबालिग है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
यह किया खुलासा
नाबालिग ने प्राथमिक पूछताछ में खुलासा किया कि अपने साथी के साथ मिलकर बीते वर्ष 18 दिसंबर को झज्जर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के ताले तोड़कर कैश चोरी करने का प्रयास किया था। दोनों ताले तोड़कर बैंक में घुस गए थे और कैश डिपोजिट मशीन को तोड़ दिया। मशीन में कैश नहीं था। दोनों बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए थे।