बहादुरगढ़। गांव टांडाहेड़ी को विकास की एक और सौगात मिली है। यहां पर 20 लाख की लागत से बाबा हरिदास चौपाल का निर्माण होगा। विधायक राजेश जून ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। विधायक ने ग्राम सरपंच भगत सिंह व ग्रामीणों के साथ नारियल फोड़कर चौपाल निर्माण की नींव रखी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सरपंच व ग्रामीणों से कहा कि वे निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत उन्हें या विधायक कार्यालय को दें, ताकि पूरी गुणवत्ता के साथ चौपाल का निर्माण कार्य पूरा हो। जून ने बताया कि बाबा हरिदास चौपाल का निर्माण मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा विधायक कोटे के लिए दी गई स्पेशल 5 करोड़ रुपये की ग्रांट से कराया जा रहा है। बाबा हरिदास चौपाल बनने के बाद गांव के लोगों को सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह चौपाल ग्रामीण सामाजिक जीवन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।