झज्जर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम-2026 को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
जिला सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूली विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। विद्यार्थियों को स्लोगन लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिता तथा कविता लेखन जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अभियान से जोड़ा जा रहा है।
इन गतिविधियों का उद्देश्य युवा पीढ़ी में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा मतदाता सूची के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। डीआईपीआरएलओ ने बताया कि विद्यार्थी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां और लेखन सामग्री jhajjarsiractivitiesgmail.com पर भेज सकते हैं।
चयनित रचनाओं का उपयोग जागरूकता अभियानों में किया जाएगा जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा और वे सामाजिक सरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा भी बन सकेंगे। इसी उद्देश्य से जिले में स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच एवं सत्यापन के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए। उन्होंने बताया कि रचनात्मक प्रस्तुतियां और लेखन सामग्री में चयनित विद्यार्थियों की रचनाओं को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वरीयता दी जाएगी।
दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अपडेट बनाने में सहयोग करें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकृत होना अत्यंत आवश्यक है।