05jjrp15- झज्जर। हरियाणा रोडवेज की कर्मशाला में चालक-परिचालकों को जागरूक करते हुए। संवाद
झज्जर। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मंगलवार को रोडवेज कर्मशाला में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एड्स, नशे (विशेषकर इंजेक्शन के माध्यम से होने वाले नशे) और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य रोडवेज के चालक-परिचालकों को इन बीमारियों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें सजग बनाना रहा। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य विभाग से डाॅ. अंजू की तरफ से किया गया। डाॅ. अंजू ने बताया कि आम धारणा के विपरीत एड्स केवल असुरक्षित यौन संबंधों से ही नहीं बल्कि संक्रमित सीरिज, संक्रमित रक्त चढ़ाने, संक्रमित उपकरणों और गर्भवती मां से शिशु में भी फैल सकता है।
उन्होंने कहा कि नशे की लत, खासकर इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने की प्रवृत्ति, एड्स फैलाने का एक बड़ा कारण है। यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। डा. अंजू ने टीबी (तपेदिक) रोग की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह रोग संक्रमण के माध्यम से फैलता है और समय पर जांच व इलाज से इससे पूरी तरह ठीक हुआ जा सकता है। उन्होंने टीबी से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि सिर्फ शहरों में ही नहीं बल्कि गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन जानलेवा बीमारियों से बच सकें। स्वास्थ्य विभाग ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वह स्वयं सजग रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।