फोटो-56: सेक्टर छह की पहली पुलिया पर जागरूकता अभियान चलाते लोग। संवाद
बहादुरगढ़। दीपावली पर पूजा-पाठ के बाद बचने वाली सामग्री को पेयजल नहर में डालने से रोकने के लिए शहर के समाजसेवियों ने जागरूकता अभियान चलाया। ''''सुनो नहरों की पुकार'''' अभियान के तहत सब्जी मंडी रोड और सेक्टर की पहली व दूसरी पुलिया पर लोगों को नहर की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों से पूजा सामग्री, फूल-मालाएं, दीपक और अन्य कचरा नहर में डालने के बजाय उचित स्थान पर निस्तारित करने की अपील की गई।
समाजसेवियों ने बताया कि पेयजल नहर से पूरे बहादुरगढ़ शहर को पानी की आपूर्ति होती है। ऐसे में इसमें पूजा सामग्री और कचरा डालने से पानी प्रदूषित हो सकता है, जिससे शहरवासियों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ जलस्रोतों की स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी है। त्योहारों पर पूजा सामग्री के निस्तारण के लिए उचित विकल्प अपनाकर पेयजल को दूषित होने से बचाया जा सकता है।
अभियान में मेजर सुधीर राठी, पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा, पार्षद बिजेंद्र दलाल, सेवानिवृत्त एसडीओ जयपाल सांगवान, मुकेश शर्मा और सज्जन बेनीवाल, बीके लवकेश, प्रमोद सिंह राजपूत, भजन सिंह, शशिभूषण वर्मा, सुरेंद्र अहलावत, जेई पंकज जून और जेई विशाल राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो-56: सेक्टर छह की पहली पुलिया पर जागरूकता अभियान चलाते लोग। संवाद