ऑटो व्यवसायियों के लिए अच्छी खबर है। सेक्टर-12 में 14 एकड़ में विकसित हुई नई ऑटो मार्केट का विस्तार होगा। एचएसवीपी की ओर से ऑटो मार्केट के लिए छह एकड़ जमीन और जारी की गई है। फिलहाल प्राधिकरण जमीन चिह्नित करेगा। दूसरे फेज में लगभग 100 दुकानें बनाई जाएंगी।
दरअसल, बहादुरगढ़ में ऑटो मार्केट की मांग बहुत पुरानी है। मुख्य मार्गों पर अलग-अलग जगह काम कर रहे ऑटो व्यवसायी पिछले करीब तीन दशक से सरकारों से शहर के बाहर ऑटो मार्केट की मांग कर रहे थे। लंबित मांग के बाद सेक्टर-12 में मार्केट को मंजूरी मिली। यहां 14 एकड़ जमीन पर ऑटो मार्केट विकसित की गई है। सिविल वर्क पूरा हो चुका है। अब केवल ऑक्शन बाकी है। अगस्त में ऑक्शन हो जाएगा, इसके बाद व्यवसायी अपनी दुकानें बना सकेंगे। सेक्टर-12 में 14 एकड़ क्षेत्र में फैली नई मार्केट में 233 दुकानें बनेंगी। जबकि शहर में व्यवसायियों की संख्या इससे कहीं अधिक है। लिहाजा ऑक्शन होगा तो काफी दुकानदार वंचित रह जाते। इसलिए व्यवसायी भी ऑटो मार्केट के विस्तार करने पर जोर दे रहे थे। इसी दिशा में अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने मार्केट के लिए छह एकड़ जमीन और अलॉट कर दी है। अगले माह होने वाले ऑक्शन में जो दुकानदार वंचित रह जाएंगे, दूसरे फेज में उनको दुकान मिल सकेगी। ऑटो व्यवसायियों ने इस सूचना पर खुशी जताई है।
यहां जमीन होगी चिह्नित
ऑटो मार्केट के आसपास प्राधिकरण की दो पॉकेट हैं। एक कामर्शियल लैंड है तो दूसरी नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की है। अब प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारी इन दो साइटों में से ऑटो मार्केट के लिए जमीन चिह्नित करेंगे। इस छह एकड़ भूमि पर लगभग 100 दुकानें बन सकेंगी। दूसरे फेज में इस पर काम शुरू होगा।
............
जल्द ही जमीन चिह्नित कर ली जाएगी। इसके बाद फाइल मुख्य ऑफिस भेज दी जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा।
विकास ढांडा, ईओ, एचएसवीपी।