झज्जर। उच्चतर शिक्षा विभाग ने विभिन्न कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं के दाखिलों के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन के लिए तीन जून से पोर्टल खुलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून है। इस बार निदेशालय की तरफ से पहले प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की जाएगी अगले दिन अंतिम मेरिट जारी की जाएगी। इस बार निदेशालय की तरफ से विद्यार्थियों के लिए एडिट का ऑप्शन भी दिया गया है। इससे पहले एडिट का ऑप्शन शुरुआत में नहीं होता था। इसका लाभ ये होगा कि आनलाइन फार्म में गलती होने पर उसे एडिट करके सुधार किया जा सकेगा।
तीनों बार जारी होने वाली मेरिट सूची ऐसे ही जारी होंगी सभी विद्यार्थियों से आवेदन की पंजीकरण फीस 100 रुपये ली जाएगी।
दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन 5 से 28 जून तक होगा। विद्यार्थी यदि अपने ऑनलाइन फार्म में कोई संशोधन करना चाहें तो 26 जून तक कर सकते हैं, जिसके लिए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 2 जुलाई को जारी होगी जबकि फाइनल मेरिट लिस्ट 3 जुलाई को आएगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 4 से 8 जुलाई तक फीस भर सकेंगे। दूसरी प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 9 जुलाई को जारी होगी जबकि फाइनल लिस्ट 10 जुलाई को आएगी।
इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 10 से 12 जुलाई तक फीस भर सकेंगे। पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट के बाद बची खाली सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग 15 जुलाई से शुरू होगी जबकि नए आवेदनों के लिए एडमिशन पोर्टल 16 जुलाई से खुलेगा और 22 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिले होंगे।
इसके बाद 24 जुलाई से 31 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के अलावा 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त शुल्क लगेगा। कक्षाएं दूसरी मेरिट लिस्ट के दाखिले होने के बाद शुरू होंगी। दाखिला मेरिट के आधार पर होगा और बारहवीं के बेस्ट फाइव सब्जेक्ट्स के अंक और निर्धारित वेटेज को जोड़कर मेरिट बनाई जाएगी। दाखिलों में सरकार की आरक्षण नीति का पूरी तरह पालन किया जाएगा।