बहादुरगढ़। गांव छारा से गुजर रही इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसी) की पाइपलाइन से तेल चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। तेल निकालने के लिए गड्ढा खोदा गया था। पेट्रोलिंग टीम के मौके पर पहुंचने के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इस संबंध में कंपनी अधिकारियों की शिकायत पर फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मौके से कुछ औजार भी बरामद हुए हैं।
आईओसीएल की भूमिगत पाइपलाइन गांव छारा के खेतों से गुजर रही है। उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइन के चीफ ऑपरेशन मैनेजर सतीश का कहना है कि रात को जब पेट्रोलिंग टीम गश्त कर रही थी तो मामले का पता चला। इस संबंध में उन्हें सूचना मिली तो वे खुद सुबह मौके पर गए। देखा तो लाइन के ठीक ऊपर लगभग दो फिट का गड्ढा खोदा गया था। गड्ढे के पास प्लास्टिक के तिरपाल, कुदाल, गैंती आदि औजार पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से बरामद औजार कब्जे में लिए गए। मैनेजर सतीश की शिकायत पर आसौदा थाने में इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। बता दें कि तेल लाइनों से चोरी व नुकसान पहुंचाने की वारदात पहले भी होती रही हैं। कई मामलों में आरोपी भी गिरफ्त हुए हैं।
आसौदा थाने के इंस्पेक्टर जसबीर का कहना है कि लाइन को नुकसान पहुंचाकर तेल निकालने की कोशिश करने वाले कौन हैं, ये अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपी हिरासत में होंगे।