संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही बहादुरगढ़ में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। अक्तूबर के पहले 21 दिनों में 15 दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) येलो जोन में रहा, जबकि चार दिन ऑरेंज और दो दिन ग्रीन जोन में दर्ज किया गया। मंगलवार को एक्यूआई 192 तक पहुंच गया। मौसम में बदलाव के बीच हवा की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
सुबह और शाम ठंडक महसूस होने लगी है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के चलते लोगों ने एसी और कूलर चलाने कम कर दिए हैं। पंखों की जरूरत भी पहले के मुकाबले घटने लगी है।
ठंड के साथ प्रदूषण पर नजर जरूरी
मौसम में बदलाव के साथ वायु गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को प्रदूषण के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता पर नजर रखना और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाना जरूरी होगा।
-
प्रदूषण के स्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले दिनों बारिश के बाद एक दिन ग्रीन जोन में दर्ज हुआ था, लेकिन इसके बाद से फिर प्रदूषण का स्तर येलो जोन में है। अब दशहरा पर्व पर आतिशबाजी के बाद यह और बढ़ सकता है।
-सुनील श्योराण, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़