बहादुरगढ़। नाबार्ड नेशनल आर्ट एंड कल्चरल उत्सव प्रदर्शनी में शिल्पियों और बुनकरों की कलाकृतियां खूब पसंद की जा रही हैं। सेक्टर-6 के सामुदायिक केंद्र में आयोजित 10 दिवसीय उत्सव प्रदर्शनी में देश के 12 राज्यों से 50 से ज्यादा शिल्पकार व बुनकर अपनी कला के रंग दिखा रहे हैं।
लोगों ने हस्त शिल्पकारों से उनकी कला की बारीकियों के बारे में बातचीत करते हुए जानकारी भी जुटाई। कई युवाओं ने इस प्रदर्शनी में नेशनल व स्टेट अवार्डियों से उनकी कला के हुनर के बारे में बात करते हुए उनसे सीखने का प्रयास किया।
शिल्पगुरु राजेंद्र प्रसाद बोंदवाल, डॉ. राजेंद्र जांगड़ा, सूर्यकांत बोंदवाल, चंद्रकांत बोंदवाल ने बताया कि इस उत्सव में विभिन्न विधाओं के राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय अवार्ड प्राप्त शिल्पकारों ने अपनी स्टॉल लगाई है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग भी इस प्रदर्शनी को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से देखने के लिए आ रहे हैं और अपनी मनभावक चीजों को भी खरीद रहे हैं।
हस्तशिल्प मेले में उत्तर प्रदेश के शिल्पकार व बुनकर हैंड एम्ब्रायडरी, ब्लॉक प्रिंट, हैंडलूम टेक्सटाइल, भागलपुरी साड़ी, बनारसी साड़ी, कपड़े पर नक्काशी, टेरीकोटा, फुलकारी, जूती क्राफ्ट, ज्वैलरी, बेडशीट, ड्राई फ्लावर, हैंडलूम टैक्सटाइल, मुरादाबाद मेटल आर्ट, टेरीकोटा, कश्मीरी शॉल, ऑयरन वर्क समेत अन्य शिल्पकला प्रेमियों को लुभा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र से विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा भिन्न-भिन्न प्रकार के उत्पादों को इस उत्सव प्रदर्शनी में दर्शाया गया है। यह शिल्प कला उत्सव प्रदर्शनी 13 अक्तूबर तक चलेगी।