झज्जर। उच्चतर शिक्षा विभाग ने विभिन्न कॉलेजों में एमए, एमएससी, एमकॉम आदि स्नातकोत्तर कक्षाओं के दाखिलों के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है।
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय झज्जर के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थी 12 जुलाई से उच्चतर शिक्षा विभाग के एडमिशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई है। आवेदन की रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपये लगेगी। विद्यार्थी यदि अपने ऑनलाइन फार्म में कोई संशोधन करना चाहे तो 25 जुलाई तक कर सकते हैं। इसके लिए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा।
दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन 15 से 27 जुलाई तक होगी। मेरिट लिस्ट 30 जुलाई को जारी की जाएगी। जिन विद्यार्थियों का नाम इस लिस्ट में आएगा, वे 2 अगस्त तक फीस भर सकेंगे। खाली सीटों को भरने के लिए 6 अगस्त को दोबारा एडमिशन पोर्टल खुलेगा। 7 अगस्त से ओपन काउंसिलिंग भी शुरू होगी।
इंसेट
जरूरी दस्तावेज
विद्यार्थी ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए अपने फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी, मैट्रिक, बारहवीं और स्नातक कक्षाओं के प्रमाण पत्रों की कॉपी, मूल चरित्र प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र और आरक्षण का लाभ लेने के लिए उस केटेगरी के जरूरी प्रमाण पत्र अपने साथ तैयार रखें। हरियाणा के सभी विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है।
मेरिट से होंगे दाखिले
दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। ग्रेजुशन के अंकों तथा निर्धारित वेटेज को जोड़कर मेरिट बनाई जाएगी। विद्यार्थी जिस कॉलेज की पहली पसंद भरेंगे, वहां उनके डॉक्यूमेंट का ऑनलाइन सत्यापन होगा। सत्यापन के लिए विद्यार्थियों को कॉलेज जाने की जरूरत नहीं है।
आज जारी होगी यूजी की पहली मेरिट सूची
कॉलेजों में यूजी कक्षाओं में दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची शुक्रवार को जारी होने की उम्मीद है। हालांकि इससे पहले वीरवार को प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होनी थी, लेकिन शाम तक वह भी जारी नहीं हो सकी। ऐसे में अब पहली फाइनल मेरिट लिस्ट का विद्यार्थियों को शुक्रवार को इंतजार रहेगा।
8 से किए जाएंगे यूजी, पीजी के दूसरे और तृतीय वर्ष के दाखिले
निदेशालय ने यूजी और पीजी के दूसरे और तृतीय वर्ष में विद्यार्थियों के दाखिले का शेड्यूल जारी कर दिया है। आठ जुलाई से यह काम शुरू हो जाएगा। सभी विद्यार्थियों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाएगी। निदेशालय ने सभी कॉलेजों को अपने पोर्टल पर 2024-25 की फीस अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। यह दाखिला पोर्टल 8 से 30 जुलाई तक खुला रहेगा। उसके बाद एक से 7 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस, उसके बाद 8 से 14 जुलाई से 100 रुपये लेट फीस के अलावा 100 रुपये प्रतिदिन अदा करना होगा।