झज्जर। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला परियोजना कार्यान्वयन इकाई (डीपीआईयू) की समीक्षा बैठक हुई। इसकी शुरुआत निपुण हरियाणा के जिला समन्वयक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने की। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से निपुण कार्यक्रम की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
विशेष रूप से सभी मेंटर्स एवं मॉनिटर्स ने विजिट अनुपालन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम की सफलता का आधार है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आगामी वार्षिक मूल्यांकन एवं फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया, जो मार्च में आयोजित होगी।
एसपीआईयू सदस्य अभिषेक शर्मा ने एंडलाइन सर्वे के परिणामों पर प्रकाश डालते हुए जिले की उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि झज्जर जिला राज्य स्तर पर अग्रणीय जिलों में से एक जिला है और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह ने कहा कि फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी पर पूर्ण ध्यान देना होगा क्योंकि यह राष्ट्रव्यापी अभियान है। विद्यार्थियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर मायने रखता है, इसलिए हमें इसे प्राथमिकता देनी चाहिए।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक ने कहा कि हम सत्र समाप्ति तक सभी विद्यार्थियों को निपुण बनाने का लक्ष्य हासिल करेंगे। कार्यक्रम से प्राथमिक स्तर पर उल्लेखनीय सुधार हुआ है। डाइट प्राचार्य अनिल श्योराण ने बताया कि प्राथमिक एवं उच्च कक्षाओं में पर्याप्त प्रगति हुई है, लेकिन माध्यमिक कक्षाओं में अभी केंद्रित प्रयासों की आवश्यकता है।
उन्होंने माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के नियमित मूल्यांकन पर बल दिया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी जयपाल दहिया, रोहतास दहिया, सुनीता मल्हान, सुरेशपाल सुहाग, शेर सिंह, डीपीसी अनिल शर्मा, संपर्क फाउंडेशन से अमित कुमार, डाइट फैकल्टी मनोज मलिक उपस्थित रहे।
सभी प्रतिभागियों ने निपुण कार्यक्रम को मजबूत बनाने के लिए संकल्प लिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने एकमत होकर कहा कि फाउंडेशनल लर्निंग के माध्यम से हमारा जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा। निपुण हरियाणा मिशन के तहत झज्जर जिले का प्रदर्शन पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बनेगा।