साल्हावास। साईं सेंटर सोनीपत एवं पंजाब के पटियाला में खेल मंत्रालय की ओर से गठित तदर्थ समिति की ओर से खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विजेताओं के नाम का ऐलान किया गया है। चयन समिति के संयोजक भूपेंद्र सिंह बाजवा की निगरानी में 17 से 20 मई तक कुश्ती टीमों के लिए ट्रायल हुए । इस दौरान कुश्ती टीम के लिए 17 वर्ष आयु वर्ग व 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए ओपन कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। कृष्ण अखाड़ा खानपुर खुर्द की पहलवान नेहा सांगवान 57 किलो भारवर्ग 17 वर्ष आयु वर्ग के लिए चयनित हुई है व अंजलि गहलावत का चयन 59 किलो भारवर्ग 23 वर्षीय आयु वर्ग में चयन हुआ है। रविवार को व्यायामशाला में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया।
कृष्ण अखाड़ा के संचालक कृष्ण पहलवान ने बताया कि प्रतियोगिता में भारतवर्ष के अलग-अलग राज्यों के 876 खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय कुश्ती टीम में 60 खिलाड़ियों को चयनित किया गया है जिसमें से 36 खिलाड़ी हरियाणा के हैं। भारतीय कुश्ती टीम में चयनित पहलवान 10 जून से 18 जून तक किर्गिस्तान की राजधानी बेशिकिक में होने वाली एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। पहलवानों के चयनित होने पर अपूर्वा अनर्जी के जीएम राजीव राव, बनिता, मनवर सिंह भंडारी, कृष्ण सरपंच खानपुर खुर्द, मंगल सरपंच झामरी, सज्जन कोच मंदौला, कोच कृष्ण लांबा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दी हैं।