झज्जर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में मंगलवार को एक गुमनाम पत्र मिला जिसमें जिले के एक गांव में एक नाबालिग किशोर की शादी किए जाने की शिकायत मिली। पत्र में बताया कि किशोर की उम्र अभी 18 साल भी नहीं है।
विज्ञापन
सूचना पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव एवं सीजेएम विशाल ने संज्ञान लिया और इसके लिए वाॅलेंटियर कर्मजीत छिल्लर की ड्यूटी लगाई। किशोर के पिता को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय बुलाया गया।
यहां उनसे जानकारी मांगी तो उन्होंने बताया कि उसे लड़के की शादी की 21 साल की उम्र की जानकारी नहीं थी। कर्मजीत छिल्लर ने बताया कि इस पर किशोर के पिता को समझाया गया और कानून की भी जानकारी दी। बताया गया कि यदि वह नाबालिग बेटे का विवाह करते हैं तो उनको जुर्माना व सजा हो सकती है।
विज्ञापन
इस पर पिता ने कहा कि वह बेटे के 21 साल की उम्र के पूरा होने के बाद ही उसका विवाह करेंगे।
एक माह में दूसरी सूचना
फरवरी में बाल विवाह के दो मामले सामने आ चुके हैं। एक विवाह आगामी 21 फरवरी को होना था जिसे होने से पहले ही टाल दिया गया। इससे पहले तीन फरवरी को भी किशोरी का बाल विवाह गांव में मौके पर जाकर रुकवाया था। उसमें किशोरी की उम्र 15 साल 10 महीने सामने आई थी।