संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। पटेल नगर और सेक्टर-6 के बीच करीब 70 लाख रुपये की लागत से एचएसवीपी द्वारा बनाई जा रही इंटरलॉकिंग टाइलों की सड़क के निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। वार्ड-27 के पार्षद कुलदीप राठी और वार्ड-29 के पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और मोटाई पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
पार्षदों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि सड़क में 3 इंच जीएसबी (ग्रैन्युलर सब-बेस) और 4 इंच पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) डाली जानी थी, लेकिन मौके पर जीएसबी की मोटाई केवल डेढ़ से दो इंच और पीसीसी की मोटाई करीब एक से डेढ़ इंच ही रखी गई है। उनका आरोप है कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है।
पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा ने विधायक राजेश जून को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। समाजसेवी निशा राठी ने भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है।
वहीं, एचएसवीपी के एसडीओ कृष्ण मलिक ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित जेई को मौके पर भेजा गया था। जेई विकास ने अपनी रिपोर्ट में जीएसबी और पीसीसी की मोटाई नियमानुसार होने की जानकारी दी है। हालांकि, पार्षदों का कहना है कि जीएसबी के ऊपर पीसीसी डाले जाने के बाद वास्तविक मोटाई की पुष्टि करना संभव नहीं है।
फोटो-60: बहादुरगढ़ के सेक्टर छह और पटेल नगर में बीच बन रही सड़क का निरीक्षण करते पार्षद सत्यप्रका
फोटो-60: बहादुरगढ़ के सेक्टर छह और पटेल नगर में बीच बन रही सड़क का निरीक्षण करते पार्षद सत्यप्रका