बहादुरगढ़। रमेश गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए छारा गांव के पंचायत सदस्य मास्टर अनिल दलाल ने विभाग से कड़ी जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं के साथ गंभीर अनियमितताएं की जा रही हैं जिससे सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पंचायत सदस्य मास्टर अनिल दलाल ने बताया कि उनकी माता को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिला हुआ है। इसके बावजूद पिछले महीने बिना ओटीपी प्राप्त किए और बिना सिलिंडर की डिलिवरी के मोबाइल पर मैसेज भेज दिया गया कि गैस पहुंचा दी गई है।
अब 20 अप्रैल को भी इसी प्रकार के दो संदेश मिले जबकि उनके घर कोई सिलिंडर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक उपभोक्ता तक सीमित नहीं है बल्कि सैकड़ों लोगों के साथ ऐसी गड़बड़ी होने की आशंका है। बिना सिलिंडर दिए डिलिवरी दिखाना और ओटीपी सत्यापन के बिना आपूर्ति दर्शाना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है।
यह न केवल गंभीर लापरवाही है बल्कि जांच का विषय भी है। दलाल ने इस संबंध में ईमेल के माध्यम से डीएफएससी विभाग को शिकायत भेजी है और एजेंसी के रिकॉर्ड, डिलिवरी सिस्टम तथा ओटीपी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।