बहादुरगढ़। इनेलो नेता कपूर सिंह राठी ने नगर परिषद अध्यक्ष सरोज राठी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। सरोज राठी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
कपूर राठी के अनुसार, एक प्रॉपर्टी आईडी से दो अलग-अलग आईडी बनाई गई। पहली आईडी नेताजी नगर में 142 वर्ग गज की है। दूसरी आईडी उद्योगनगर में 5000 वर्ग गज की दर्शाई गई है। दोनों प्रॉपर्टी आईडी दर्शना के नाम पर हैं। दर्शना अध्यक्ष सरोज राठी की चाची सास हैं। राठी ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग की।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष सरोज राठी ने कपूर राठी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रॉपर्टी आईडी पर आरोप हैं, वह उनके या उनके परिवार की नहीं है। सरोज राठी ने इस प्रॉपर्टी आईडी के बारे में कोई जानकारी होने से इन्कार किया। उन्होंने स्वयं डीसीपी को पत्र लिखकर जांच कराने की बात कही है। अध्यक्ष ने प्रॉपर्टी आईडी बनाने वाले व्यक्ति और गलत दस्तावेज तैयार करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।