फोटो-58: बहादुरगढ़ में एक मतदाता को गणना प्रपत्र देती बीएलओ। स्रोत सोशल मीडिया
बहादुरगढ़। सेक्टर-6 में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण को लेकर सवाल उठ गए हैं। कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया है कि संबंधित बूथों के बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्र देने की बजाय लोगों को निर्धारित स्थानों से फॉर्म लेने के लिए कह रहे हैं।
इस संबंध में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग और संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऑडियो में बूथ नंबर 51 के मतदाताओं को सीनियर सिटीजन क्लब से प्रपत्र लेने के लिए कहा गया है, जबकि बूथ नंबर 52 के मतदाताओं को एक निजी आवास से फॉर्म प्राप्त करने का संदेश दिया गया। स्थानीय निवासियों सुदर्शन कुमार, सुखबीर सिंह दहिया, जितिन शर्मा और रामफूल एडवोकेट ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार बीएलओ को घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित करने चाहिए। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने की मांग की है।