बहादुरगढ़। नव वर्ष की शुरुआत से प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महीने के दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन हवा है कि साफ होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को भी बहादुरगढ़ में हवा बेहद खराब रही।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी गंभीर श्रेणी में पहुंचा। दोपहर के समय तेज धूप भी निकली, लेकिन इसका असर प्रदूषण पर केवल आंशिक ही रहा। सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर बहादुरगढ़ में एक्यूआई 350 पहुंच गया था। शाम होते-होत 18 प्वाइंट नीचे आया और 5 बजकर 5 मिनट पर यह आंकड़ा 332 हो गया।
वर्ष 2024 की शुरुआत बेहद खराब हवा में हुई थी। इस दिन एक्यूआई 312 पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन एक्यूआई बढ़ने का कारण 31 दिसंबर की रात को हुई आतिशबाजी रही। इसके बाद इसमें लगातार उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि एक सप्ताह के अंदर 7 जनवरी को यह दूसरी बार 300 को पार करते हुए 310 पर पहुंचा। 14 जनवरी तक एक्यूआई एक बार ही पीले रंग में 10 जनवरी को 132 पर पहुंचा था। अन्यथा दो सप्ताह तक हवा सांस लेने लायक नहीं रही। अभी भी प्रदूषण गंभीर श्रेणी में है।
जनवरी में अब तक एक्यूआई तीन बार 300 के पार पहुंच चुका है। रविवार को भी एक्यूआई सुबह के समय 350 तो सायं के समय 332 दर्ज किया गया। अभी यह गंभीर स्थिति में है। यह हालत तब रही जब रविवार को दोपहर के समय तेज हवाएं भी चली और सूर्य देव भी चमक के साथ आसमान में उभरे।
एक्यूआई की यह रही इस महीने स्थिति
जनवरी 2024 एक्यूआई
1 जनवरी
312
2 जनवरी
208
3 जनवरी
255
4 जनवरी
282
5 जनवरी
262
6 जनवरी
299
7 जनवरी
310
8 जनवरी
254
9 जनवरी
272
10 जनवरी
132
11 जनवरी
232
12 जनवरी
284
13 जनवरी
323
14 जनवरी
332