फोटो : 2भाड़ावास मार्ग के पास स्थित पेंट की दुकान। संवाद
रेवाड़ी। दीवाली नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। घरों की रंगाई-पुताई के लिए लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीते दिनों जहां रंगाई का काम धीमा रहा, वहीं अब त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही रंग और पेंट की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। शहर की करीब 25 रंग-पेंट की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है।
दुकानदार सुरेश, विकास और राजेश का कहना है कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक माह पहले ही पर्याप्त स्टॉक मंगवा लिया था। इस बार बाजार में विभिन्न कंपनियों के रंग, पेंट और वार्निश की नई वैरायटी उपलब्ध है जिससे ग्राहकों को अपनी पसंद और बजट के अनुसार सामान चुनने की सुविधा मिल रही है।
इस बार रंग-पेंट की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है। दरें लगभग स्थिर हैं। पेंट एक लीटर 240 रुपये, डिस्टेंपर 20 किलो 850 रुपये, प्राइमर 20 किलो 1350 रुपये और सफेदी का कट्टा 200 रुपये में बिक रहा है।
हार्डवेयर दुकानदार राजकुमार, ललित सैनी, संतोष यादव ने बताया कि इस बार बारिश लंबी चलने के कारण रंगाई-पुताई का काम थोड़ा देर से शुरू हुआ लेकिन अब बिक्री में तेजी आ रही है। दीपावली के बीच कारोबार अपने चरम पर पहुंचने की उम्मीद है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से ग्राहक रंग, पेंट और डिस्टेंपर खरीदने आ रहे हैं। त्योहारी सीजन में कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए नई वैरायटी उपलब्ध कराई है।
-
ये है रंग व पेंट के दाम
सामग्रीमात्राकीमत
पेंट 1 लीटर 240 रुपये
डिस्टेंपर 20 किलो 850 रुपये
प्राइमर 20 किलो 1350 रुपये
सफेदी एक कट्टा 200 रुपये