किसान सदन के बाहर लगी आग बुझाते हुए अधिकारी
- फोटो : Jhjhar
क्षेत्र के कुछ किसानों ने शायद न सुधरने की खसम खा ली है। किसान धान की कटाई के बाद उसकी पराली को आग के हवाले करने से नहीं चूक रहे हैं। हद तो उस समय हो गई जब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी एक तरफ अपने कार्यालय पहुंचे किसानों को पराली न जलाने की शपथ दिला रहे थे। लेकिन 10 मिनट बाद ही उनके कार्यालय के सामने स्थित 2 एकड़ भूमि में बोई गई धान की फसल की पराली को आग के हवाले कर दिया गया। जब धुआं कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक कार्यालय में घुसा तो अधिकारी बाहर निकले।
उन्होंने देखा तो कार्यालय के सामने वाली सड़क की दूसरी तरफ 2 एकड़ भूमि की पराली को आग के हवाले किया गया था। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. इंद्र सिंह तुरंत प्रभाव से उपमंडल अधिकारी एडीओ को किसानों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश जारी किए। जब अधिकारी उनके खेत में पहुंचे तो वहां पर किसान नहीं मिले।
कई गांव से आई पराली जलाने की शिकायत
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों के पास खुड्डन, छपार आदि गांव के अलावा कई स्थानों से पराली जलाने की शिकायत आई है। लेकिन जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो वहां पर किसान नहीं मिले। इसको लेकर कृषि विभाग ने पटवारियों से रिपोर्ट मांगी है। उस रिपोर्ट के आधार पर है कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
पराली जलाने की शिकायत तो कई गांव से आई है। लेकिन कार्रवाई के लिए जब मौके पर पहुंचे तो वहां पर किसान नहीं मिले। दूसरे किसान पराली जलाने वाले किसानों के नाम नहीं बताते। जिसकी वजह से परेशानी आ रही है, अब पटवारियों से किसानों की रिपोर्ट मांगी जा रही है। हालांकि पटवारी इस काम में भी सहयोग नहीं दे रहे हैं।
- डॉ. जगजीत सिंह सांगवान, एसडीओ, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, झज्जर।