सेक्टर-9 मोड़ पर शिविर में कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाते किसान।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन की सुविधा के लिए नागरिक अस्पतालों के अतिरिक्त ऑन डिमांड टीकाकरण शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार की शाम तक जिलेभर में एक लाख 11 हजार 41 को प्रथम डोज और 19 हजार 413 को दूसरी डोज का टीकाकरण हो चुका है। आंदोलनकारी किसानों के लिए बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 के साथ बाईपास पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया गया है। किसानों ने शिविर में पहुंचकर कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाया। उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने दो दिन पहले धरनारत किसानों को भी टीका लगवाने की अपील की थी।
उपायुक्त जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिलावासी घबराएं नहीं, कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी गाइडलाइन का अनुकरण करते हुए रोकथाम के उपायों में सक्रिय रूप से भागीदार बनें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित एडवाइजरी का अनुपालन, पौष्टिक भोजन, नियमित योग-अभ्यास, दो गज की सामाजिक दूरी, फेस मास्क, बार-बार हाथ धोना आदि को अपनी आदतों व दिनचर्या में शुमार करें। उन्होंने कहा कि संक्रमण के लक्षण प्रतीत होने पर तुरंत अपने चिकित्सकों से परामर्श लें। अफवाहों पर ध्यान न दें। नागरिक अस्पतालों में परामर्श, टेस्टिंग व टीकाकरण की सभी सुविधाएं निशुल्क हैं।
रविवार को भी होगा टीकाकरण
सीएमओ डॉ. संजय दहिया ने बताया कि जिलाधीश के आदेशानुसार नागरिक अस्पतालों में और सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं आदि की ओर से प्राप्त अनुरोध पर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर कोरोना टीकाकरण के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। धरनारत किसानों के लिए बहादुरगढ़ सेक्टर नौ मोड़ पर स्थित किसान स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया है। रविवार को भी टीकाकरण होगा। कोरोना टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी डॉ. संजीव मलिक ने बताया कि शनिवार को 2417 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। एसएमओ डॉ. विनय कुमार ने बताया कि धरनारत किसानों को कोविड संक्रमण की रोकथाम के उपायों में भागीदार बनने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।