झज्जर। 11 साल से कांवड़ियों के लिए शिव ग्रुप सब्जी मंडी की तरफ से सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कांवड़ियों के लिए सभी प्रकार सुविधाएं प्रदान की जाती है। पहले यह शिविर गिरावड़ गांव में लगाया जाता था, लेकिन तीन साल से सांपला रोड पर वाटिका में शिविर लगाया जा रहा है।
शिविर में कावड़ियों के लिए नाश्ते के लिए सुबह चाय की व्यवस्था, खाने व आराम की व्यवस्था की गई है। यहां पर कूलर व पंखे लगाए गए हैं। शिविर के मुख्य आयोजक मनोज कुमार व मुकेश हसीजा ने बताया कि वह खुद आठ साल तक कांवड़ लेकर आए थे। उस समय देखा कि कांवड़ियों के लिए रास्ते में सुविधाओं की कमी थी। रुकने भोजन आदि की व्यवस्था में परेशानी होती थी। इसलिए उन्होंने शिविर लगाने का फैसला किया। सेवा शिविर के प्रधान मनोज चुघ ने बताया कि इस शिविर में कांवड़ियों के लिए विश्राम, भोजन एवं चिकित्सा सुविधाओं की निस्वार्थ भाव से व्यवस्था की गई हैं। भोजन के लिए स्टील बर्तन का इस्तेमाल किया जाता है। रात्रि भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर भगवान शंकर की विशाल मूर्ति विराजमान की गई है।
हवन यज्ञ कर किया शुभारंभ
कावड़ यात्रियों के लिए 11वें शिव कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ रविवार को किया गया। इस शिविर का आयोजन राजकुमार, सुनील कुमार, मनोज कुमार चुघ, पुनीत सुखीजा, मुकेश सुखीजा द्वारा संचालित शिव ग्रुप सब्जी मंडी, श्री वीर हनुमान सेवा समिति, बाबा कांशीगिरि मंदिर के सदस्यों, युवा टीम एवं शहरवासियों के सहयोग से किया जाता हैं। आयोजन का शुभारंभ राजकुमार चुघ की माता शीला देवी, कुलवंत कौर शिखा, कविता सुखीजा, अमन सुखीजा, वर्मा सुभाष, सुभाष वर्मा, सहित सभी सदस्यों ने हवन में आहुति डालकर किया।