-फोटो 54 : ई-रिक्शा चालकों की समस्याएं सुनते एसीपी दिनेश कुमार। विज्ञप्ति
बहादुरगढ़। ई-रिक्शा चालक इन दिनों कुछ लोगों की दबंगई और नाजायज उगाही से परेशान हैं। मंगलवार को ई-रिक्शा चालकों ने भाजपा नेता जसबीर सैनी से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया। चालकों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं। इसके चलते उनका शहर में ई-रिक्शा चलाना मुश्किल हो गया।
ई-रिक्शा चालक सुरेंद्र, दिनेश कुमार, शिव नारायण और अरुण कुमार ने बताया कि वह पुराना बस स्टैंड नजफगढ़ रोड पर ई-रिक्शा चलाते हैं लेकिन वाहन पार्किंग में तैनात एक व्यक्ति की ओर से उनसे बार-बार मारपीट, गाली-गलोच और जान से मारने की धमकी दी जाती है।
आरोप है कि उनके ई-रिक्शा के टायरों में सूआ मारकर पंचर कर दिए जाते हैं और उनसे जबरन पैसे मांगे जाते हैं। इतना ही नहीं, एक युवक उगाही का दबाव बनाता है और जान से मारने की धमकी देते हैं।
ई-रिक्शा चालक अरविंद कुमार, कृष्ण, विजय कुमार, जयप्रकाश, विनय, आलम, प्रवीण कुमार, विकास कुमार, मुन्ना पासवान सहित अन्य ने प्रशासन से गुहार लगाई कि उनकी सुरक्षा की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
एसीपी ने दिलाया भरोसा
भाजपा नेता जसबीर सैनी ने जब पूरी समस्या सुनी तो उन्होंने एसीपी दिनेश कुमार को मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंचे एसीपी ने ई-रिक्शा चालकों की शिकायतें ध्यान से सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि किसी भी तरह की दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।