बहादुरगढ़। शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से शहर में सरकार द्वारा वैध घोषित की गई 12 काॅलोनियों में जहां विकास कार्य कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं शहर की तमाम वैध काॅलोनियों में जो जमीन अब भी अवैध हैं, उसे भी वैध कराने की कार्रवाई तेज हो गई है। वीरवार को इसको लेकर नप चेयरपर्सन सरोज राठी, अधिकारियों व पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में चेयरपर्सन ने पार्षदों के साथ विचार-विमर्श किया।
पार्षदों ने बताया कि जो 12 काॅलोनी सरकार ने अभी वैध की हैं, उनमें भी काफी संख्या में खसरा नंबर ऐसे हैं जो वैध की लिस्ट में नहीं आए हैं। इतना ही नहीं जो काॅलोनियां आज से कई साल पहले पास हो चुकी हैं, उनके बीच में भी कई खसरा नंबर ऐसे हैं जो वैध की सूची से बाहर हैं। ऐसे में चेयरपर्सन सरोज राठी और नप ईओ संजय रोहिल्ला ने कहा कि सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्र का अपने तौर पर सर्वे कर लें। जिन काॅलोनियों में जो खसरा नंबर वैध लिस्ट में नहीं हैं, उनकी सूची काॅलोनी वाइज उन्हें दे दें। नप की ओर से अवैध काॅलोनियों का अपने स्तर पर सर्वे कराया जा रहा है। ऐसे में पार्षदों की ओर से दिए गए खसरा नंबरों का भी सर्वे करवाकर उन्हें वैध की सूची में डलवा दिया जाएगा। सभी पार्षदों को खसरा नंबर की सूची देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। बैठक में चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि सरकार ने बामनौली काॅलोनी, शक्ति नगर, छोटूराम नगर काॅलोनी एक्सटेंशन, माया विहार काॅलोनी पार्ट तीन, परनाला एक्सटेंशन नियर ड्रेन पार्ट वन, ज्ञान राठी काॅलोनी पार्ट दो, अशोक विहार-नेताजी नगर-हरी नगर, न्यू सुभाष नगर, नियर ओमेक्स काॅलोनी, छोटूराम नगर पार्ट वन, श्रीराम मंदिर काॅलोनी व कुबेर काॅलोनी को वैध किया है। इन 12 कालोनियों की खसरा नंबर समेत पूरी सूची सभी पार्षदों को बैठक में दी गई। उनके नक्शे भी सभी पार्षदों को दिखाए गए। उन्होंने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि 60 प्रतिशत आबादी वाली काॅलोनियों में कई जमीनों के खसरा नंबर छूटे हुए हैं। ऐसी जमीनों को खसरा नंबर प्रदान करने के लिए ही यह बैठक बलाई गई है। अब पार्षदों से जानकारी एकत्रित कर खसरा नंबर छूट जाने की समस्या का समाधान करते हुए उन जमीनों को खसरा नंबर दिए जाएंगे ताकि नगर परिषद से प्रापर्टी आइडी बनवाने तथा प्रापर्टी टैक्स अदा करने में उन प्रापर्टी मालिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। वैध हुई 12 काॅलोनियों में नगर परिषद की ओर से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी, पार्षद राजेश तंवर, संदीप अहलावत, सत्यप्रकाश छिकारा, राजेश मकड़ौली, बिजेंद्र दलाल, जितेंद्र राठी, नीना राठी, कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला, कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा, जेई संदीप कौशिक, जेई दलबीर देशवाल आदि मौजूद रहे।